
भोपाल: मध्य प्रदेश में MSME औद्योगिक इकाइयों को सरकार द्वारा प्रोत्साहित किया जा रहा है और इसी क्रम में लगभग 170 करोड़ की राशि औद्योगिक इकाइयों के खाते में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। समर्थ एमएसएमई विकसित मध्य प्रदेश की थीम पर मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यादव ने 257 से अधिक एमएसएमई इकाइयों के खाते में 169.57 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक से जारी करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश, देश के सर्वाधिक सशक्त, आर्थिक रूप से सुदृढ़ और बेहतर वित्तीय प्रबंधन वाले प्रथम तीन राज्यों में से एक है। राज्य सरकार प्रदेश के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है, देश-दुनिया के सभी निवेशकों के लिए प्रदेश के दरवाजे खुले हैं, हम उद्योग मित्र नीतियों और सहयोग की भावना के साथ उनके स्वागत के लिए तत्पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश भारतीय अर्थव्यवस्था में उद्योग हो या कृषि हर क्षेत्र में योगदान के लिए निरंतर सक्रिय है। एमएसएमई इकाइयां औद्योगिक गतिविधियों का प्रभावी केंद्र होने के साथ लाखों परिवारों के स्वावलंबन का आधार भी है।
मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप को लगभग 28 लाख से अधिक की अनुदान राशि की प्रथम किश्त भी जारी की। मुख्यमंत्री को इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने लघु उद्योग निगम की ओर से 8 करोड़ रूपए के अंतरिम लाभांश का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री यादव ने बैतूल और आगर-मालवा के तीन उद्यमियों को औद्योगिक भूमि के लिए आवंटन-पत्र प्रदान किए और मुख्यमत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत हितलाभ वितरण भी किए।
