• Fri. May 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

ममता बनर्जी को हार का डर, ईवीएम में हेरफेर की बात सिर्फ नाटक: सुवेंदु अधिकारी

May 1, 2026

कोलकाता: कोलकाता स्ट्रॉन्ग रूम विवाद पर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह उनकी पुरानी आदत का नतीजा है कि जब भी उन्हें चुनाव में माहौल अपने खिलाफ लगता है, तो वे ईवीएम में हेरफेर की आशंकाएं जताने लगती हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, “ईवीएम में हेरफेर की आशंकाएं जताना पिछले 15 सालों से उनकी (ममता बनर्जी) आदत का हिस्सा बन गया है। उनके लिए इस पुरानी आदत से छुटकारा पाना नामुमकिन है। इस बार उन्हें अपनी हार का आभास हो रहा है। इसलिए, ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम में हेरफेर को लेकर उनका यह नाटक उनके हार के डर का ही प्रतिबिंब है।”

इस विवाद पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “पिछले 3-4 महीनों से अलग-अलग तरीके से हार के बहाने तलाशे जा रहे हैं। पहले एसआई को लेकर राजनीति शुरू हुई, उसके बाद चुनाव आयोग, फिर केंद्रीय बलों और अब स्ट्रॉन्ग रूम के मुद्दे पर राजनीति हो रही है। ऐसा लगता है कि हारने वाले पक्ष के पास अब कोई और बहाना नहीं बचा है।”

उन्होंने कहा कि 15 साल तक राज करने के बाद अगर कोई पार्टी एसआईआर और स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर राजनीति कर रही है, तो यह बताता है कि पार्टी ने पहले ही अपनी हार मान ली है। सिर्फ हार के बहाना बताने की पृष्ठभूमि तैयार की जा रही है।

इस मामले पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया गुरुवार को मुख्यमंत्री के एक वीडियो संदेश के बाद आई, जिसमें उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम में हेरफेर की आशंकाएं जताई थीं। गुरुवार रात को ममता बनर्जी एक स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर पहुंचीं और कई घंटे तक वहां डटी रहीं। इस दौरान उन्होंने ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। हालांकि, बाद में पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने स्ट्रॉन्ग-रूम में ईवीएम और पोस्टल बैलेट से छेड़छाड़ के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।