• Sun. Mar 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

गांधीनगर: सीएम भूपेंद्र पटेल की बैठक, साबरमती आश्रम के आधुनिकीकरण एवं नवीनीकरण पर चर्चा

Feb 13, 2026

गांधीनगर: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को गांधीनगर में महात्मा गांधी साबरमती आश्रम मेमोरियल ट्रस्ट की गवर्निंग काउंसिल की बैठक उप मुख्यमंत्री एवं काउंसिल के वाइस चेयरमैन हर्ष संघवी की उपस्थिति में आयोजित की गई। प्रधानमंत्री मोदी के विशेष विजन एवं प्रेरणा से साबरमती आश्रम का आधुनिकीकरण और नवीनीकरण किया जा रहा है। गवर्निंग काउंसिल की इस बैठक में इस संदर्भ में साबरमती आश्रम में चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। एग्जीक्यूटिव काउंसिल के चेयरमैन आईपी गौतम ने विस्तृत प्रेजेंटेशन द्वारा इन कामकाज की सर्वग्राही प्रगति का विवरण दिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 28 मकानों के रिस्टोरेशन का कामकाज किया जा रहा है। उनमें से 22 का कामकाज पूरा हो चुका है और संपूर्ण रिस्टोरेशन कार्य मार्च 2026 तक पूरा करने की योजना है। प्रस्तुति में बताया गया कि साबरमती आश्रम के इस नवीनीकरण में ग्रीन ग्रोथ को प्राथमिकता देने संबंधी प्रधानमंत्री के दिशानिर्देशों के अनुसार अब तक लगभग 98 हजार छोटे-बड़े पेड़-पौधों का रोपण किया जा चुका है और मार्च 2026 तक अतिरिक्त 16 हजार पौधारोपण की कार्रवाई की जा रही है। इस बैठक में पूज्य बापू के श्रमदान के विचार को आश्रम की गतिविधियों से जोड़ते हुए आश्रम की यात्रा पर आने वाले आगंतुक, विशेषकर युवा, विभिन्न सेवा गतिविधियों में किस प्रकार सहभागी बन सकें, इस दिशा में भी विस्तृत चर्चा-परामर्श किया गया। इतना ही नहीं, साथ ही, गवर्निंग काउंसिल की पिछली बैठक के एजेंडा को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इस बैठक में महात्मा गांधी साबरमती आश्रम मेमोरियल ट्रस्ट की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य सांसद नरहरिभाई अमीन, कार्तिकेय साराभाई, जयेशभाई पटेल, मुख्य सचिव एमके दास, युवा, सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग के सचिव डॉ. राहुल गुप्ता, मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, पर्यटन सचिव कुलदीप आर्य और महात्मा गांधी साबरमती आश्रम मेमोरियल ट्रस्ट के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) आईके पटेल उपस्थित रहे।