
नई दिल्ली: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार को ‘यूथ कांग्रेस’ के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। समिट के बीच हुए इस प्रदर्शन से कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया, प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट खोलकर नारेबाजी की और नारे लगाए। जिस वक्त समिट में यह विरोध प्रदर्शन किया गया, उस समय वहां पर देश-विदेश के कई दिग्गज और प्रतिनिधि मौजूद थे। अधिकारियों के मुताबिक, कई यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी शर्ट उतार दी और नारे लगाए, इसके बाद सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। सरकारी अधिकारियों, इंडस्ट्री के नेताओं और विदेशी डेलीगेट्स की भागीदारी वाले इस हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल इवेंट में इस तरह के प्रदर्शन से रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लिया गया और जगह से दूर ले जाया गया। एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध पर एडिशनल डीसीपी आनंद मिश्रा ने आईएएनएस से कहा, “हम अपनी कार्रवाई कर रहे हैं। हमने उन्हें हिरासत में लिया है और कानूनी एक्शन ले रहे हैं।”
