
बुधवार को इराक के बसरा के पास एक अमेरिकी तेल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर ईरान ने हमला कर दिया। इस हमले में टैंकर पर काम करने वाले एक भारतीय नागरिक की जान चली गई है। इराक में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी। बगदाद में भारतीय दूतावास ने कहा कि जहाज पर सवार बाकी 15 भारतीय क्रू मेंबर को सुरक्षित निकाल लिया गया और एक सुरक्षित जगह पर ले जाया गया। यह हमला फारस की खाड़ी में हुआ, जहां इराक के समुद्री इलाके में एक और तेल टैंकर पर हमला होने के बाद उसमें भी आग लगने की खबर सामने आई।
ईरान ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि पानी के अंदर ड्रोन हमले में जहाजों को निशाना बनाया गया था। जानकारी के मुताबिक, इस ऑपरेशन में पानी के अंदर ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। ईरानी ड्रोन ने “फारस की खाड़ी में दो तेल टैंकर उड़ा दिए”। जिन जहाजों पर हमला हुआ, वे माल्टीज के झंडे वाला टैंकर जेफिरोस और मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला सेफसी विष्णु थे। सेफसी विष्णु का मालिकाना हक अमेरिकी की कंपनी सेफसी ट्रांसपोर्ट इंक के पास है, जबकि टैंकर जेफिरोस का मालिक ग्रीस में रहता है। घटना के बाद, बगदाद में भारतीय दूतावास ने कहा कि वह इराकी अधिकारियों और बचाए गए भारतीय नाविकों के साथ लगातार संपर्क में है।
बगदाद में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “11 मार्च, 2026 को, मार्शल आइलैंड्स के झंडे के नीचे चल रहे अमेरिका के कच्चे तेल के टैंकर सेफसी विष्णु पर इराक के बसरा के पास हमला हुआ, जिसमें दुर्भाग्य से एक भारतीय क्रू मेंबर की जान चली गई। बाकी 15 भारतीय क्रू को तब से सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया गया है।” दूतावास ने यह भी पुष्टि की कि वह स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और निकाले गए क्रू सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहा है।
