• Sat. May 2nd, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

राम नवमी की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

Mar 25, 2026

नई दिल्ली: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राम नवमी की पूर्व संध्या पर समस्त देशवासियों और विदेशों में रह रहे भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। राष्ट्रपति भवन से जारी अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, “राम नवमी के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं।” उन्होंने आगे कहा कि राम नवमी का पावन त्योहार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। भगवान राम की महान जीवन यात्रा आज भी मानव जाति को सत्य, न्याय, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में जोर देते हुए कहा, “भगवान श्री राम का जीवन हमें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है। उनके आदर्श हमारी संस्कृति की नींव हैं। हमें उन आदर्शों के अनुरूप जीवन जीने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।” उन्होंने अपील की कि इस पावन अवसर पर हम सभी भगवान श्री राम की महान गाथा की शिक्षाओं को आत्मसात करें और अपने विचारों, शब्दों और कार्यों से राष्ट्र की सेवा करने का दृढ़ संकल्प लें। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राम नवमी के इस शुभ अवसर पर देश में शांति, समृद्धि और सद्भावना की कामना भी की।