• Sun. Sep 14th, 2025

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

आजादी का अमृत महोत्सव : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तीसरे चरण की 13 अगस्त से शुरुआत

Aug 12, 2025

नई दिल्ली, भारत में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब अपने तीसरे और अंतिम चरण में पहुंच रहा है। यह चरण 13 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेगा। यह अभियान संस्कृति मंत्रालय के नेतृत्व में चलाया जा रहा है और इस बार इसे तीन चरणों में आयोजित किया गया है। इसकी शुरुआत साल 2022 में हुई थी और तब से यह हर साल स्वतंत्रता सप्ताह का एक अहम हिस्सा बन चुका है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के लोगों को तिरंगे के साथ भावनात्मक और व्यक्तिगत रूप से जोड़ना है। इस अभियान का पहला चरण 2 अगस्त से 8 अगस्त तक चला। दूसरा चरण 9 अगस्त से 12 अगस्त तक चल रहा है। अब तीसरा और आखिरी चरण 13 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर समाप्त होगा। अभियान के अंतिम चरण में लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अलावा देशभर में छोटे-बड़े स्तर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम, देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियां और जन भागीदारी वाले आयोजन होंगे। शहरों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लोगों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और तिरंगे के साथ जुड़ाव दिखाएं। इस बार भी ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। लोगों को कहा गया है कि वे तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी या फोटो लेकर आधिकारिक वेबसाइट ‘हर घर तिरंगा डॉट कॉम’ पर अपलोड करें। इससे वे अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का मकसद हर नागरिक को स्वतंत्रता दिवस के जश्न में शामिल करना है। यह अभियान लोगों में राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता और देश के प्रति सम्मान को बढ़ावा देता है। संस्कृति मंत्रालय का मानना है कि जब हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा लगाएगा, तो इससे आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को मजबूती मिलेगी।