• Wed. Oct 8th, 2025

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

आंध्र प्रदेश : पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से छह लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

Oct 8, 2025

अमरावती, आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर. अंबेडकर कोनासीमा जिले में बुधवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से छह कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य घायल हो गए। इस घटना पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया। पुलिस ने बताया कि रायवरम मंडल के कोमारीपालेम गांव में लक्ष्मी गणपति पटाखा फैक्ट्री में दोपहर में भीषण आग लग गई। पटाखा फैक्ट्री का शेड भीषण विस्फोट के कारण ढह गया। पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया। रासायनिक पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग में फंसकर छह कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अनापर्थी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य को निजी अस्पतालों में ले जाया गया। यूनिट में लगभग 15 कर्मचारी थे। अधिकारियों को संदेह है कि कुछ और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। आग और भीषण विस्फोट से गांव और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस अधिकारी, राजस्व कर्मी और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर रखी। अधिकारियों को संदेह है कि यह दुर्घटना यूनिट में सुरक्षा मानकों का पालन न करने के कारण हुई होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने की बात कही। उन्होंने कहा, “कोनसीमा जिले के रायवरम स्थित बाना सांचा मैन्युफैक्चरिंग सेंटर में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया है। इस दुखद दुर्घटना में कई लोगों की जान जाने से गहरा दुःख हुआ है।” नायडू ने लिखा, “मैंने अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों, वर्तमान स्थिति, राहत कार्यों और चिकित्सा सहायता के बारे में बात की है। मैंने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल का व्यक्तिगत रूप से दौरा करने और राहत कार्यों में शामिल होने का निर्देश दिया है। मैंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। हम प्रभावित परिवारों के साथ हैं।”