
नई दिल्ली: भारत सरकार के विधि और न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा ‘न्याय तक समग्र पहुंच के लिए अभिनव समाधान तैयार करना’ योजना की टेली-लॉ पहल के तहत ‘राष्ट्रीय परामर्श 2026’ का आयोजन रविवार को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में किया जाएगा। यह परामर्श तकनीक-सक्षम कानूनी सेवाओं और हितधारकों की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन होंगे, जबकि विधि और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के आगमन से होगी, इसके बाद राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन जैसे औपचारिक समारोह होंगे। इस अवसर पर ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार इसकी प्रस्तुति देंगे। परामर्श का प्रमुख आकर्षण “लाभार्थियों की आवाज” पुस्तिका 2025–26 का विमोचन है।
