• Fri. May 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

बिहार : नालंदा में मंदिर में मची भगदड़, सात लोगों की मौत, कई घायल

Mar 31, 2026

बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा मेले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। जहां प्रसिद्ध माता शीतला के मंदिर में अचानक भगदड़ मचने की घटना में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। इस घटना में 12 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि चैत्र के अंतिम मंगलवार को शीतला माता मंदिर में पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी हुई थी। इसी क्रम में मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई। भगदड़ के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ के कारण लोग एक-दूसरे को कुचल दिए। लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण को लेकर कोई उपाय नहीं किया गया था। यहां हर मंगलवार को भीड़ लगती है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत और बचाव प्रारंभ कर दिया गया है। पूजा कार्य रोक दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। कहा जा रहा है कि मंदिर और मेले में लोगों की भारी भीड़ थी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हर मंगलवार को यहां भीड़ होती है। मंदिर में कोई लाइन में लगना नहीं चाहता, सबको लगता है कि हम पहले अंदर चले जाएं। इसी को लेकर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोग इस घटना के बाद आक्रोश में हैं। स्थानीय लोग इसे प्रशासन की लापरवाही के कारण घटना की बात कह रहे हैं।