
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जर्मनी और भारत के रक्षा उद्योग से जुड़े प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की है। यह मुलाकात जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हुई और इस दौरान रक्षा क्षेत्र में मौजूद व्यापक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।
दोनों देशों के उद्योग जगत के साथ विस्तृत यह विचार-विमर्श गुरुवार को हुआ। यहां बर्लिन में आयोजित एक बैठक में रक्षा उत्पादन, टेक्नोलॉजी और दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच साझेदारी को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण सामने आया। रक्षा मंत्री नेबताया कि जर्मन उद्योग जगत ने भारत में रक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों की सराहना की है।
उन्होंने भारत की बदलती रक्षा औद्योगिक नीति और निवेश के अनुकूल माहौल को सराहनीय बताया। राजनाथ सिंह ने जर्मन कंपनियों से आग्रह किया कि वे भारत के साथ मिलकर उन्नत और विशेष तकनीकों के क्षेत्र में सह-विकास और सह-उत्पादन की दिशा में काम करें। उन्होंने कहा कि इस तरह का सहयोग न केवल भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक स्थिरता और सुरक्षा को भी बढ़ावा देगा।
यहां इस बात पर भी जोर दिया गया कि भारत विश्वसनीय साझेदारों के साथ मिलकर रक्षा उत्पादन और तकनीकी नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बैठक भारत-जर्मनी रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। दरअसल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय जर्मनी यात्रा पर हैं।
