
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा के साथ राष्ट्रसेवा के प्रति देशभर के जनप्रतिनिधियों का समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पंचायती राज दिवस के अवसर पर देशभर के जनप्रतिनिधियों का हार्दिक अभिनंदन। जनसेवा के साथ राष्ट्रसेवा के प्रति आप सभी का समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है।”
इसके साथ ही, पीएम मोदी ने ‘संस्कृत सुभाषितम्’ भी शेयर किया, जिसमें लिखा, “प्रजासुखे सुखं राज्ञः प्रजानां च हिते हितम्। नात्मप्रियं प्रियं राज्ञः प्रजानां तु प्रियं प्रियम्॥” ‘संस्कृत सुभाषितम्’ में कहा गया है, “प्रजा के सुख में जनप्रतिनिधि का सुख है, प्रजा के हित में ही उसका हित है। जनसेवक का अपना प्रिय कुछ नहीं है, प्रजा का प्रिय ही उसका प्रिय होता है।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “लोकतंत्र की सफलता पंचायतों की मजबूती पर निर्भर करती है। खुशहाल और सशक्त होते गांव ही देश के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। ग्रामीण विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने तथा हर चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। जनता की सीधी भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही एक विकसित भारत का निर्माण संभव है।”
