
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर 24 परगना जिले के दम दम में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी और विपक्ष पर पलटवार करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कई वादे भी किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से बंगाल में परिवर्तन की जो लहर दिख रही थी, उस पर पहले चरण के मतदान ने मुहर लगा दी है। भाजपा के पक्ष में जो समर्थन दिखा है, उसने भाजपा की विजय का शंखनाद कर दिया है। जिस बंगाल में टीएमसी ने लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था, अपनी तानाशाही से लोकतंत्र के मंदिर को खंडित कर दिया था, उस बंगाल में पहले चरण में जनता ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है। अब दूसरे चरण में आपको इस लोकतंत्र के मंदिर पर विजय ध्वज फैलाना है।
पीएम ने कहा कि अब टीएमसी बहुत बुरी तरह बौखला गई है। कल रात भर टीएमसी अपने गुंडों को ताकत दे रही थी कि मैदान में आओ। मैं बंगाल की जनता से कहूंगा, भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि मत भूलिए, ये क्रांति की धरती है, ये वीरों की धरती है। और ये मत भूलना कि हर बुझता हुआ दीपक थोड़ा फड़फड़ाता है, वैसे ही टीएमसी का दीया भी बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ा रहा है। 4 मई को नतीजे आने के बाद टीएमसी के गुंडों को बंगाल में छुपने की जगह नहीं मिलेगी, उन्हें कोई बचाने वाला नहीं मिलेगा। कल पहले चरण के मतदान ने टीएमसी के महाजंगलराज के अंत का उद्घोष कर दिया है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “आप हमें वोट दें। हम बंगाल को वर्षों के कष्टों से मुक्त करेंगे। टीएमसी के भय, भ्रष्टाचार गिरोह से मुक्ति दिलाएंगे। बंगाल का गौरव फिर से लौटाने और फिर से अवसरों की भूमि बनाने के लिए ये आजादी बहुत जरूरी है। टीएमसी के भय, भ्रष्टाचार, सिंडिकेट, बेटियों पर अत्याचार से, पलायन की मजबूरी, बेरोजगारी और बेकारी और घुसपैठियों के कब्जे से आजादी दिलाएंगे। गुलामी की बेड़ियां तोड़ने के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने राष्ट्र का आह्वान किया था, ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’। ये बंगाल में नई क्रांति की बेला है। ये क्रांति आपके एक वोट से होगी। इसलिए मैं बंगाल की जनता से करबद्ध प्रार्थना करता हूं कि आप हमें वोट रूपी आशीर्वाद दीजिए, हम मिलकर बंगाल को अनेक कष्टों से आजादी दिलाएंगे।
