• Fri. Apr 24th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

यूएन के अधिकारी ने सिबी जॉर्ज से की मुलाकात, आतंकवाद के खिलाफ भारत के प्रयासों की सराहना की

Apr 24, 2026

न्यूयॉर्क: भारत के विदेश सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात के बाद संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद-विरोधी कार्यालय (यूएनओसीटी) के कार्यवाहक अवर महासचिव एलेक्जेंडर जौएव से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।

दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और यूएनओसीटी के बीच सहयोग पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा कर लिखा, “सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने काउंटर-टेररिज्म के कार्यवाहक अवर महासचिव एलेक्जेंडर जौएव से मुलाकात की और आतंकवाद के खतरे से निपटने में यूएनओसीटी के साथ भारत के मजबूत सहयोग पर चर्चा की।”

बैठक के दौरान, कार्यवाहक अवर महासचिव जौएव ने ग्लोबल काउंटर-टेररिज्म कोशिशों में भारत के लंबे समय से चले आ रहे योगदान की सराहना की, जिसमें यूएनओसीटी और कैपेसिटी-बिल्डिंग पहलों के लिए उसका समर्थन शामिल है। दोनों पक्षों ने 26 जून से 2 जुलाई 2026 तक होने वाले काउंटर-टेररिज्म इवेंट के लिए सहयोग और तैयारियों को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

यूएनओसीटी ने एक्स पर लिखा, “सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज के साथ, यूएनओसीटी के कार्यवाहक यूएसजी जौएव ने काउंटर-टेररिज्म वीक के लिए सहयोग और तैयारियों को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने ग्लोबल काउंटर-टेररिज्म कोशिशों में भारत की लंबे समय से चली आ रही भूमिका के लिए धन्यवाद दिया, जिसमें यूएनओसीटी और कैपेसिटी-बिल्डिंग प्रोग्राम्स को समर्थन शामिल है।”

इसके अलावा सचिव (पश्चिम) ने उरुग्वे की स्थायी प्रतिनिधि और जी-77 की चेयरपर्सन लॉरा डुपुई लासेरे से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने दक्षिण-दक्षिण सहयोग को और मजबूत करने की कोशिशों और जरूरतों पर चर्चा की।

यूएन में भारत के एक्स हैंडल पर जानकारी दी गई, “सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने उरुग्वे की परमानेंट रिप्रेजेंटेटिव और जी-77 की चेयरपर्सन लॉरा डुपुई लासेरे से मुलाकात की और साउथ-साउथ सहयोग को मजबूत करने की कोशिशों और आर्थिक और विकास संबंधित चुनौतियों पर यूएन में ग्लोबल साउथ की एक कॉमन आवाज की जरूरत पर चर्चा की।”