• Wed. Apr 29th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में शाम 5 बजे तक रिकॉर्ड करीब 90 प्रतिशत मतदान

Apr 29, 2026

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग द्वारा बुधवार को शाम 5 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में लगभग 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक भागीदारी का एक मजबूत संकेत माना जा रहा है। 

दिन भर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और लोगों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सुबह के मुकाबले दोपहर बाद मतदान में तेजी आई। दोपहर 1 बजे तक पहले छह घंटों में 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो तीन बजे तक बढ़कर 78.68 प्रतिशत पहुंच गया। इसके बाद अंतिम घंटों में भी मतदाताओं की सक्रियता बनी रही, जिससे कुल मतदान प्रतिशत लगभग 90 फीसदी के करीब पहुंच गया।

जिलेवार आंकड़ों में कई क्षेत्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पूर्व बर्धमान में सबसे अधिक 92.46 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा हुगली में 90.34 प्रतिशत और नादिया में 90.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी मतदाताओं की भागीदारी काफी प्रभावशाली रही।

हावड़ा में 89.44 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 89.74 प्रतिशत और दक्षिण 24 परगना में 89.57 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, शहरी क्षेत्रों में भी संतोषजनक मतदान दर्ज किया गया, जहां कोलकाता उत्तर में 87.77 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण में 86.11 प्रतिशत वोटिंग हुई।

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान अधिकांश स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारू रहीं। हालांकि, कुछ क्षेत्रों से छिटपुट हिंसा और गड़बड़ी की खबरें सामने आईं, लेकिन कोई बड़ी अप्रिय घटना दर्ज नहीं की गई। केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, 142 सामान्य पर्यवेक्षकों और 95 पुलिस पर्यवेक्षकों की निगरानी के कारण स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में रही।

बता दें कि पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर संपन्न हुआ था। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान हुआ। अब सभी की नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।