• Tue. May 5th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

पश्चिम बंगाल में सिर्फ भाजपा नहीं, हर देशभक्त राष्ट्रवादी की हुई है जीत: सुवेंदु अधिकारी

May 5, 2026

कोलकाता: पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव किया है। इस बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 206 सीटों पर जीत हासिल की है। इसके लिए भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और इसे हर देशभक्त राष्ट्रवादी की जीत बताया। 

सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह जीत सिर्फ भाजपा की नहीं, बल्कि हर देशभक्त और राष्ट्रवादी व्यक्ति की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और यह जनादेश विकास, सुरक्षा और समृद्धि की दिशा में एक मजबूत कदम है।

अपने पोस्ट में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना की और कहा कि इस जीत के पीछे उनकी मेहनत और समर्पण है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का लक्ष्य अब एक विकसित, सुरक्षित और समृद्ध पश्चिम बंगाल बनाना है। इसके लिए सभी को साथ लेकर चलने की जरूरत है और नई सरकार जनता की सेवा को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएगी।

सुवेंदु अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया में शामिल सभी संस्थाओं जैसे चुनाव आयोग, सरकारी कर्मचारियों, केंद्रीय बलों और पुलिस को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से यह चुनाव शांतिपूर्ण और सफल तरीके से संपन्न हुआ।

अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रिकॉर्ड जीत हासिल करते हुए टीएमसी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा सुवेंदु अधिकारी की रही, जिन्होंने दो महत्वपूर्ण सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम पर जीत दर्ज की है। खास बात यह रही कि भवानीपुर सीट पर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया। नंदीग्राम सीट पर भी उन्होंने एक बार फिर अपनी पकड़ साबित की है।