• Mon. Mar 2nd, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

केंद्रीय बजट विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला है : नितिन नवीन

Feb 1, 2026

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय बजट की तारीफ करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला है, जिसमें गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के हर वर्ग के सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि कर्तव्यनिष्ठ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कर्तव्य भवन से बना और कर्तव्य पथ पर चलने के संकल्प को साकार करता बजट 2026 में देश के भविष्य के प्रति सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार नौवीं बार देश का बजट प्रस्तुत करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि नीति स्थिरता और सुशासन का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को सिद्धि तक ले जाने वाला यह बजट वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति को रेखांकित करता है, जहां 7 प्रतिशत से अधिक विकास दर के साथ इन्फ्लेशन दर पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है, जो विकसित भारत 2047 की दिशा में एक सशक्त पहल है। यह बजट यूथ ड्रिवन बजट है। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 जैसे मंचों के माध्यम से युवाओं द्वारा साझा किए गए नवाचारी विचारों ने इस बजट के प्रमुख प्रावधानों को आकार दिया है। नितिन नवीन ने कहा कि इस बजट में मैन्युफैक्चरिंग के माध्यम से रोजगार सृजन पर विशेष बल दिया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल्स, सेमीकंडक्टर, केमिकल, कंटेनर और स्पोर्ट्स मैन्युफैक्चरिंग को गति देने के साथ इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट के लिए 40 हजार करोड़ और बायोफार्मा उद्योग के लिए 10,000 करोड़ के प्रावधान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम हैं। उन्होंने आगे कहा कि महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के जरिए खादी और ग्रामीण शिल्प को वैश्विक पहचान मिलेगी। टूरिज्म और संस्कृति केंद्रों का विकास, 20 नए अंतर्देशीय जलमार्ग, पटना और वाराणसी में शिप रिपेयर इकोसिस्टम, तथा रोड ट्रांसपोर्ट और डिफेंस सेक्टर में बढ़ा निवेश रक्षा क्षेत्र के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा सहित समाज के हर वर्ग के कल्याण के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। इसके लिए प्रधानमंत्री आभार व्यक्त करता हूं तथा केंद्रीय वित्त मंत्री एवं उनकी पूरी टीम को हृदय से धन्यवाद देता हूं।