
कोलंबो: पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच शनिवार को मुकाबले के साथ मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो गई है। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे ग्रुप-ए के इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर नीदरलैंड्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया है। पाकिस्तान टीम की कमान सलमान आगा के हाथों में है, जबकि नीदरलैंड की कप्तानी स्कॉट एडवर्ड्स संभाल रहे हैं। टॉस जीतने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक नई पिच है और यहां कुछ दिनों से बारिश हो रही है। इसलिए हम देखना चाहते थे कि क्या इसमें नमी है और हम उसका इस्तेमाल करना चाहते हैं। मैंने पहली बार श्रीलंका में इतनी घास देखी है। हमारे पास स्पिनर और तेज गेंदबाज हैं जो यहां चल सकते हैं। इसलिए, हम तीन पेसर खिला रहे हैं और हमारे पास स्पिन डिपार्टमेंट के लिए ऑलराउंडर हैं।” उन्होंने विपक्षी टीम की तारीफ में कहा, “नीदरलैंड्स एक बहुत अच्छी टीम है। उन्होंने अच्छा क्रिकेट खेला है और हम सिर्फ अपनी ताकतों पर फोकस करेंगे। हम यह पक्का करना चाहते हैं कि हम अपनी योजनाओं को लागू करें और अगर हम ऐसा करते हैं, तो हम किसी भी टीम को हराने के लिए काफी अच्छे हैं।” दूसरी ओर, नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छी दिखने वाली विकेट है। शायद हम भी पहले गेंदबाजी चुनते, लेकिन हम बैटिंग करके खुश हैं। मुझे नहीं पता कि यह जीतना जरूरी है या नहीं, लेकिन जाहिर है आपके पास चार मैच हैं, खुद को मौका देने के लिए आपको उनमें से तीन जीतने होंगे। हमारे लिए यह एक बड़ा गेम है, लेकिन बाकी तीन गेम भी उतने ही बड़े हैं। हम अपना बेस्ट देंगे।” भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के पहले दिन कुल 3 मैच खेले जाने हैं। पाकिस्तान-नीदरलैंड के बीच मुकाबले के बाद कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप-2026 का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। शनिवार को तीसरा मैच भारत और यूएसए के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आयोजितो होगा। पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद। नीदरलैंड की प्लेइंग इलेवन: माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), जैच लायन कैचेट, लोगान वैन बीक, रूलोफ वैन डेर मेरवे, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, पॉल वैन मीकेरेन।
