
नोएडा: पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। एक तरफ सुबह के समय छाई धुंध ने लोगों को बेचैन कर दिया तो वहीं दिन चढ़ते ही मार्च महीने में ही अप्रैल जैसी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। 11 मार्च को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 88 प्रतिशत से गिरकर 45 प्रतिशत पर आ गया। अगले दो दिनों यानी 12 और 13 मार्च को भी मौसम कुछ ऐसा ही बने रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री के आसपास रहेगा। गर्मी और धुंध के बीच एनसीआर में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक स्तर को पार करता जा रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ने लाल निशान को पार कर लिया है, जो लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। शहरों की हवा इतनी जहरीली हो चुकी है कि इसके लंबे समय तक संपर्क में रहने से सांस संबंधी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। सबसे बुरा हाल ग्रेटर नोएडा का है, जहां प्रदूषण ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-V में एक्यूआई 429 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
