
भोपाल: मध्य प्रदेश के गुना संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधा में इजाफा हुआ है। इस संसदीय क्षेत्र से सांसद केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से अशोकनगर और कोलारस क्षेत्र की जनता को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर क्षेत्र को मिली रेल सुविधा का जिक्र करते हुए बताया है कि रेल मंत्रालय ने 12 मार्च को अशोकनगर में सोगरिया–दानापुर एक्सप्रेस (19801/02) तथा कोलारस में उज्जैनी एक्सप्रेस (14309/10) के स्टॉपेज को स्वीकृति दी है। यह निर्णय क्षेत्र के यात्रियों के लिए आवागमन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाएगा। दरअसल केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने 26 फरवरी को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अशोकनगर और कोलारस में इन ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता बताई थी। उनके इस पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय ने दोनों स्टॉपेज को स्वीकृति प्रदान की है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को सीधी और बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।
