
नई दिल्ली: भारत के पहले पहले सीडीएस (चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ) जनरल बिपिन रावत की आज जयंती है, इस दौरान कई प्रमुख नेताओं ने भी उन्हें याद किया है और श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “देश के प्रथम रक्षा प्रमुख पद्म विभूषण जनरल बिपिन रावत की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में लिखा, “मां भारती के वीर सपूत, देश के प्रथम सीडीएस और ‘पद्म विभूषण’ जनरल बिपिन रावत की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र की सुरक्षा, सैन्य सुदृढ़ता और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बिपिन रावत को याद किया है। उन्होंने पोस्ट किया, “मां भारती की सेवा में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले, अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक, सैन्यभूमि उत्तराखंड के गौरव, पद्मविभूषण से अलंकृत भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। राष्ट्र की रक्षा और सेवा के प्रति उनका समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। अदम्य साहस और अद्वितीय सैन्य कौशल के प्रतीक जनरल रावत जी ने भारतीय सेना के आधुनिकीकरण और सुरक्षा तंत्र को सशक्त करने में अतुलनीय भूमिका निभाई। मातृभूमि की सेवा में उनका सर्वोच्च समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व प्रत्येक देशवासी के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।”
