
भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई आगजनी की दुखद घटना के संबंध में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से टेलीफोन पर बात की। मुख्यमंत्री माझी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने इस हादसे के बारे में विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री माझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रभावित मरीजों के लिए उठाए गए आपातकालीन कदमों, उन्हें सुरक्षित निकालने और दूसरी जगह शिफ्ट करने की प्रक्रिया और उन्हें दिए जा रहे विशेष चिकित्सा उपचार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री को इस घटना की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा आदेशित उच्चस्तरीय न्यायिक जांच के बारे में भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझसे फोन पर बात की और कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में हुई दुखद दुर्घटना के बारे में विस्तार से चर्चा की। मैंने उन्हें प्रभावित लोगों के लिए उठाए गए आपातकालीन कदमों, उन्हें सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया और उन्हें दी जा रही विशेष चिकित्सा देखभाल के बारे में जानकारी दी। मैंने उन्हें राज्य सरकार द्वारा आदेशित उच्चस्तरीय न्यायिक जांच के बारे में भी सूचित किया।” उन्होंने कहा, “मैंने आज सुबह स्वयं एससीबी का दौरा किया ताकि स्थिति की समीक्षा कर सकूं और प्रशासन को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सरकारी सहायता प्रदान की जाए। सभी संबंधित विभाग और टीमें पूरे तालमेल के साथ लगातार काम कर रही हैं। इस संवेदनशील समय में अपनी सहानुभूतिपूर्ण चिंता और आवश्यक सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता के लिए मैं प्रधानमंत्री का आभारी हूं।”
