
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का दौरा किया और महिलाओं एवं बच्चों के लिए हो रहे सशक्त प्रयासों को देखा। सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का दौरा कर महिलाओं और बच्चों के लिए हो रहे सशक्त प्रयासों को करीब से देखा। उन्होंने आगे कहा कि महिला हाट, समर्थ आंगनवाड़ी और संकल्प हब में कार्यरत बहनों की मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रेरणादायक है। बच्चों से संवाद कर उन्हें स्कूल बैग और आवश्यक सामग्री दी, वहीं माताओं को स्वास्थ्य किट वितरित किया।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि दी। बाल कल्याण को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सशक्त बनाने के लिए जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हमारा संकल्प है कि हर मां सशक्त हो, हर बच्चा सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े।
