• Thu. Mar 19th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

पीएम मोदी ने अलग-अलग राज्यों के त्योहारों पर देशवासियों को दिया ‘विविधता में एकता’ का संदेश

Mar 19, 2026

नई दिल्ली: देशभर में हिंदू नववर्ष, चैत्र नवरात्रि, उगादी और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग राज्यों के लोगों को पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि की कामना की। अपने संदेशों में उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपरा और नए आरंभ की भावना का खास तौर पर जिक्र किया।

पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के लोगों को चैत्र नवरात्र और हिंदू नववर्ष के अवसर पर बधाई दी। उन्होंने पत्र के जरिए कहा, “मेरे प्यारे देशवासियों, भारतीय नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मैं आपको एवं आपके परिवार को शुभकामनाएं देता हूं।”

पत्र में पीएम मोदी ने लिखा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा की यह तिथि भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक कालगणना पद्धति का महत्वपूर्ण आधार है। इसी दिन से नए युगाब्द वर्ष 5128 और विक्रम संवत 2083 की शुरुआत हो रही है। यह हजारों वर्षों से चली आ रही हमारी सांस्कृतिक जीवंतता का प्रमाण है।

पीएम मोदी ने चैत्र नवरात्र के महत्व को बताते हुए कहा कि यह नौ दिनों का पर्व शक्ति, साधना, त्याग और अनुशासन का प्रतीक है। इस दौरान कई साधक संयम और तपस्या का पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व मां शक्ति के नौ अलग-अलग स्वरूपों की उपासना का भी अवसर है।

उन्होंने उपनिषदों के विचार ‘एकोऽहं बहुस्याम्’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हमें एक ही ईश्वर को कई रूपों में देखने की प्रेरणा देता है। यही सोच भारत को ‘लोकतंत्र की जननी’ बनाती है और विविधता में एकता को मजबूत करती है। उन्होंने मां आदिशक्ति से सभी देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।

इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लोगों को उगादी के अवसर पर भी पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उगादी वसंत ऋतु के आगमन और नए आरंभ का प्रतीक है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने गोवा और महाराष्ट्र के लोगों को गुड़ीपड़वा के अवसर पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व नए साल की शुरुआत के साथ विजय, समृद्धि और नई उम्मीदों का प्रतीक है।