
जेवर: उत्तर प्रदेश के जेवर में आज देश के एविएशन सेक्टर को नई ऊंचाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट ‘नए भारत’ की बदलती तस्वीर का सशक्त उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से यूपी को नई पहचान और रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को वैश्विक कनेक्टिविटी के साथ विकास की नई दिशा देगा और प्रदेश को निवेश के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने पिछले एक दशक में केंद्र सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर परिणाम भी दिए गए।
सीएम योगी ने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के विकास की धुरी साबित होगा और रोजगार व निवेश के नए अवसर पैदा करेगा।
सीएम योगी ने जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को ग्लोबल कनेक्टिविटी का एक केंद्र बनाते हुए कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे और भविष्य में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल वे, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस, दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल लाइन जैसे नेटवर्क को जोड़ते हुए प्रदेश को स्केल, स्पीड के साथ विकास की एक नई ऊंचाई तक ले जाने का कार्य भी करेगा।
उन्होंने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट परियोजना के माध्यम से लाखों नौजवानों के लिए रोजगार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सृजित होंगे। सीएम योगी ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में व्यापक निवेश की संभावनाओं ने अभी से प्रस्ताव देने प्रारंभ कर दिए हैं।
