• Sat. May 2nd, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

सपा वालों ने नोएडा को बनाया था अपनी लूट का एटीएम : प्रधानमंत्री मोदी

Mar 28, 2026

ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। कांग्रेस और उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी थी।

जेवर में एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह एक ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, जहां हर दो मिनट में एक जहाज उड़ान भरेगा। पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर एयरपोर्ट ‘डबल इंजन’ सरकार की कार्य संस्कृति का भी बहुत अच्छा उदाहरण है।”

उन्होंने कहा कि 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने इस एयरपोर्ट को मंजूरी दी थी, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। केंद्र में कांग्रेस और यहां (उत्तर प्रदेश) की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो उस समय उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार की थी। शुरू के दो तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया, लेकिन जैसे ही यहां भाजपा की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव पड़ी, निर्माण भी हुआ और आज उद्घाटन भी हो गया है।