• Sat. May 2nd, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

मेट्रो पोस्टर मामले का मुख्य आरोपी शब्बीर लोन गिरफ्तार, कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा

Mar 30, 2026

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादी और मेट्रो पोस्टर मामले से जुड़े हाल ही में पकड़े गए मॉड्यूल के संचालक शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार कर लिया है। शब्बीर अहमद लोन को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। स्पेशल सेल के अतिरिक्त कमिश्नर प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि शब्बीर अहमद लोन को रविवार रात को दिल्ली के गाजीपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई की निगरानी डीसीपी प्रवीण त्रिपाठी ने की। शब्बीर एक ट्रेंड और हार्डकोर आतंकवादी है, जो पाकिस्तान में ट्रेनिंग ले चुका है और बांग्लादेश से अपना मॉड्यूल चला रहा था। यह संवेदनशील इलाकों में पोस्टर लगवा रहा था, जिसमें सुप्रीम कोर्ट एरिया भी शामिल है। उन्होंने बताया कि शब्बीर के पास से अलग-अलग देशों की करेंसी बरामद हुई है। इसके पास से नेपाल का सिम कार्ड और करीब 23 सौ टका बांग्लादेश की करेंसी, लगभग 5 हजार की पाकिस्तानी करेंसी और 3 हजार की भारतीय करेंसी भी मिली है।

पुलिस का कहना है कि शब्बीर पहले भी एक मॉड्यूल का प्रमुख था, जिसमें सात बांग्लादेशी और एक भारतीय नागरिक शामिल थे। क्योंकि इस मॉड्यूल का खुलासा हो गया था, इसलिए वह अब नया मॉड्यूल बनाने के लिए भारत लौट आया था और वह लोगों को भर्ती करने और योजना बनाने के मकसद से आया था। पुलिस ने बताया कि शब्बीर ने बांग्लादेश में नया मॉड्यूल तैयार करने की कोशिश की और वहां कई ऑपरेशन की योजना बनाई। यह मॉड्यूल मेट्रो पोस्टर मामले और अन्य आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। इसके द्वारा संचालित नेटवर्क में करेंसी का लेन-देन और अन्य गुप्त गतिविधियां शामिल थीं।