• Sat. May 2nd, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

अंबिकापुर से दिल्ली व कोलकाता के लिए शुरू हुई सीधी फ्लाइट, छत्तीसगढ़ के सीएम ने किया उद्घाटन

Mar 30, 2026

रायपुर: छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट सेवा की शुरुआत की। इस उद्घाटन को रायपुर से वर्चुअली किया गया, जबकि स्थानीय सांसद चिंतामणि ने दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट पर फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

दरअसल, अंबिकापुर का दरिमा एयरपोर्ट कोई नया नहीं है। इसे सबसे पहले 1950 में बनाया गया था लेकिन समय के साथ इसे अपग्रेड किया गया। साल 2021 में इसे इस तरह विकसित किया गया कि यहां 72 सीट वाले विमान आसानी से उड़ान भर सकें। अब नई फ्लाइट सेवाओं के तहत हफ्ते में दो बार दिल्ली और दो बार कोलकाता के लिए उड़ानें चलेंगी। खास बात ये है कि दोनों रूट में बिलासपुर में एक स्टॉप भी होगा।

कोलकाता की फ्लाइट 2 अप्रैल से शुरू होगी और गुरुवार व शनिवार को चलेंगी। इस नई सुविधा से अंबिकापुर और पूरे सरगुजा संभाग के लोगों में काफी उत्साह है। यह इलाका मुख्य रूप से आदिवासी बहुल है और यहां लंबे समय से बेहतर कनेक्टिविटी की मांग की जा रही थी। अब लोगों का कहना है कि उन्हें लंबी यात्रा से राहत मिलेगी, समय बचेगा और थकान भी कम होगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।