• Fri. May 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

हनुमान जन्मोत्सव पर पीएम मोदी ने कहा, ‘भगवान हनुमान भक्ति, शक्ति और अटूट समर्पण के अद्वितीय प्रतीक’

Apr 2, 2026

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हनुमान जी के जन्मोत्सव पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने प्रार्थना की कि महाबली की कृपा से उनके सभी भक्तों में साहस और सकारात्मकता का संचार हो।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भगवान हनुमान जी भक्ति, शक्ति और अटूट समर्पण के अद्वितीय प्रतीक हैं। महाबली की कृपा से उनके सभी भक्तों में साहस और सकारात्मकता का संचार हो।” इस अवसर पर उन्होंने एक ‘संस्कृत सुभाषितम्’ भी शेयर किया। पीएम मोदी ने लिखा, “मनोजवं मारुततुल्यवेगं जितेन्द्रियं बुद्धिमतां वरिष्ठम्। वातात्मजं वानरयूथमुख्यं श्रीरामदूतं शिरसा नमामि॥” ‘संस्कृत सुभाषितम्’ में कहा गया है, “मैं श्रीराम के दूत हनुमानजी की शरण में शीश झुकाता हूं। वे मन के समान तीव्रगामी और वायु के समान वेगवान हैं। वे जितेंद्रिय, बुद्धिमानों में अग्रगण्य, पवनपुत्र और वानर सेना के नायक हैं।” एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने प्रयागराज के प्रसिद्ध लेटे हुए हनुमान जी के मंदिर में दर्शन करते हुए एक तस्वीर भी शेयर की।

उन्होंने लिखा, “सभी देशवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की अनंत शुभकामनाएं। यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा और स्फूर्ति लेकर आए। मेरी कामना है कि पवनपुत्र हनुमान जी सभी को बल, बुद्धि और विद्या का भरपूर आशीर्वाद दें, जिससे देश का सामर्थ्य और बढ़े। जय बजरंगबली।”