• Fri. May 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

प्रधानमंत्री मोदी के चेन्नई व पुडुचेरी दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात

Apr 2, 2026

चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय चेन्नई दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे चेन्नई में 3,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पीएम मोदी विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार करने के लिए शुक्रवार को पहुंचेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री शुक्रवार दोपहर 3ः20 बजे एक विशेष विमान से चेन्नई पहुंचेंगे। आगमन के तुरंत बाद वे हेलीकॉप्टर से पुडुचेरी के लिए रवाना होंगे, जहां वे मतदाताओं का समर्थन जुटाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण चुनावी कार्यक्रमों और जनसभाओं में भाग लेंगे।

पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा कार्यकर्ताओं में जोश भरेगी और चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में अभियान की गति को बढ़ाएगी।

पुडुचेरी में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद प्रधानमंत्री शाम 6 बजे चेन्नई लौटेंगे। उनका ठहरने का कार्यक्रम गिंडी क्षेत्र के एक प्रमुख पांच सितारा होटल में होगा। शाम को प्रधानमंत्री मोदी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बंद कमरे में बैठक करेंगे, जिसमें चुनावी रणनीतियों और बूथ स्तर पर समन्वय योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

शनिवार को प्रधानमंत्री चेन्नई का अपना दौरा समाप्त करेंगे और दोपहर एक बजे केरल के लिए रवाना होंगे, जहां वे राज्य में अपनी चुनावी गतिविधियों को जारी रखेंगे।

इस बीच महत्वपूर्ण दौरे के मद्देनजर चेन्नई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस आयुक्त अरुण के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए हवाई अड्डे, गिंडी और मीनांबक्कम सहित संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।