• Fri. May 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

‘छत्रपति शिवाजी महाराज का संघर्ष देता रहेगा मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा’, अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Apr 3, 2026

नई दिल्ली: हिंदवी स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें नमन किया है। अमित शाह ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का अथक संघर्ष और जीवनगाथा अनंतकाल तक देशवासियों को मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय स्वाभिमान के अमर प्रतीक और राष्ट्र-गौरव के रक्षक छत्रपति शिवाजी महाराज जी का स्मरण कर उनके चरणों में वंदन करता हूं। धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए उन्होंने लोगों को एकजुट किया और हिंदवी स्वराज की स्थापना की। समुद्र पर नियंत्रण के महत्त्व को समझते हुए उनकी ओर से बनाई गई शक्तिशाली नौसेना उनके अद्वितीय रणनीतिक कौशल और दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता का प्रतिबिंब है।”

उन्होंने आगे लिखा, “एक शासक कैसे एक साथ स्वसंस्कृति और स्वभाषा की रक्षा कर सकता है और लोककल्याण के आदर्श भी स्थापित कर सकता है, उनका जीवन इसका आदर्श है। उनका अथक संघर्ष और जीवनगाथा अनंतकाल तक देशवासियों को मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पोस्ट किया, “भारतीय शौर्य और स्वाभिमान के अप्रतिम प्रतीक और ‘हिंदवी स्वराज्य’ के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। शिवाजी महाराज ने अपनी अद्वितीय संगठनात्मक शक्ति और अदम्य साहस से विदेशी आक्रांताओं को पराजित कर स्वराज्य की विजय पताका फहराई। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रभक्ति और स्वावलंबन का अटूट संकल्प जागृत करता है। उनकी न्यायप्रियता, दूरदर्शिता और कुशल सैन्य नेतृत्व का आदर्श आज भी हमारे लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है।”