
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर देश की राजनीति में काफी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस घटना पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गहरा दुख जताया है और इसे बेहद निंदनीय और दर्दनाक बताया है। उन्होंने इसे टीएमसी के गुंडों द्वारा अंजाम दिया गया निर्मम, बर्बर और कायरतापूर्ण हत्याकांड बताया।
धर्मेंद्र प्रधान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा, “सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की नृशंस हत्या पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और टीएमसी द्वारा फैलाई गई खूनखराबे वाली राजनीतिक संस्कृति की एक और भयावह याद दिलाती है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बार-बार निशाना बनाया गया है, उन पर हमले किए गए हैं और उनकी हत्याएं की गई हैं, सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने टीएमसी की डर और धमकियों वाली राजनीति के आगे झुकने से इनकार कर दिया। यह कोई इक्का-दुक्का हिंसा की घटना नहीं है बल्कि यह आतंक का एक सोची-समझी रणनीति के तहत बनाया गया तंत्र है, जिसका मकसद लोकतांत्रिक विरोध को कुचलना है।”
उन्होंने कहा, “चंद्रनाथ रथ और अनगिनत भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान को न तो भुलाया जाएगा और न ही इसे व्यर्थ जाने दिया जाएगा। पश्चिम बंगाल में शांति, सुरक्षा और सच्चे लोकतांत्रिक मूल्यों को बहाल करने की लड़ाई पूरे दृढ़ संकल्प के साथ जारी रहेगी। इस दुख की घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
