
नई दिल्ली: पूरा हिंदुस्तान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ मना रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय सेना के शौर्य को सैल्यूट किया है। उन्होंने कहा कि दुश्मनों को हमारे सशस्त्र बलों की अचूक प्रहार क्षमता की याद दिलाता रहेगा। गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत का एक ऐतिहासिक अभियान है, जो हमेशा हमारे दुश्मनों को हमारे सशस्त्र बलों की अचूक प्रहार क्षमता की याद दिलाता रहेगा।”
उन्होंने कहा, “इतिहास इस दिन को हमारी सशस्त्र सेनाओं की सटीक मारक क्षमता, हमारी एजेंसियों की पैनी खुफिया जानकारी और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के उस दिन के रूप में याद रखेगा, जब ये सभी एकजुट होकर सीमा पार मौजूद आतंकवाद के हर उस ठिकाने को नेस्तनाबूद करने के लिए उठ खड़े हुए थे, जिसने पहलगाम में हमारे नागरिकों पर अपनी काली छाया डालने का दुस्साहस किया था।”
अमित शाह ने कहा कि यह दिन हमारे दुश्मनों के लिए यह भयावह संदेश लेकर आता रहेगा कि वे कहीं भी छिप जाएं, वे बच नहीं सकते। वे हर पल हमारी नजरों में और हमारी प्रचंड मारक शक्ति के निशाने पर हैं। शाह ने आखिर में लिखा, “इस दिन मैं हमारे बलों के अद्वितीय शौर्य को सैल्यूट करता हूं।”
