• Mon. Oct 27th, 2025

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

कलाकार ने सांस्कृतिक मंच दिलाने की रखी मांग, सीएम बोले- स्थानीय कलाकारों को मिले अधिक मौका

Oct 27, 2025

लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के उपरांत सोमवार को फिर ‘जनता दर्शन’ किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई जनपदों से आए हर पीड़ित से मुलाकात की, उनके पास पहुंचकर समस्या सुनी, फिर अफसरों को निर्देश दिया कि निश्चित समयावधि में उचित निस्तारण कराएं। पीड़ितों से फीडबैक भी लें। इस दौरान लगभग 50 से अधिक पीड़ितों ने अपनी समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। फरियादियों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आपकी सेवा ही सरकार की प्राथमिकता है। ‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि सरकारी जमीनों पर कब्जा किया गया है। इस पर सीएम योगी ने इसकी जांच कर तत्काल कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। वहीं एक पीड़ित ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल से एस्टिमेट बनवाने को कहा। उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी पीड़ित का इलाज अधूरा नहीं रहेगा। सरकार हर जरूरतमंद के इलाज की व्यवस्था के लिए खड़ी है। ‘जनता दर्शन’ में एक महिला कलाकार भी पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से बताया कि वे लोकगीत कलाकार हैं। उन्हें सांस्कृतिक कार्यक्रम करना है। मंच दिला दीजिए। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल उन्हें कार्यक्रम दिलाने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जनपद में लोक कलाओं को प्राथमिकता दे रही है। हर जगह अनेक आयोजन भी कराए जाते हैं। इसमें पंजीकृत व अधिक से अधिक स्थानीय कलाकारों को मौका मिले। इस दौरान पुलिस से जुड़े मामले भी आए। कई लोगों ने पारिवारिक मामले को लेकर भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी शिकायत रखी। पुलिस से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने इसे दिखवाने और पीड़ितों की समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”जन-जन की समृद्धि एवं खुशहाली हेतु प्रतिबद्ध सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ जनसमस्याओं के निराकरण हेतु निर्देश दिए।”