
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी में बने पीपा पुल के पास श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई है। हादसे में 6 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोगों के लापता होने की आशंका है। मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सीएम योगी ने मथुरा हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
वृंदावन में यमुना नदी में दोपहर में पर्यटकों को ले जा रही एक नाव अचानक से पलट गई, जिससे कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और अब भी कई लापता हैं। उनकी तलाश में गोताखोरों की टीम लगाई गई है। साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। इस घटना से इलाके में अफरातफरी का माहौल है। बताया जा रहा है कि ये पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे और वृंदावन घूमने के लिए आए थे। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि छह शव बरामद कर लिए गए हैं। लापता लोगों को खोजने के प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
