
तेहरान: ईरान ने सोमवार को दावा किया कि कुवैत में एक अमेरिकी एफ-15 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक विमान को क्रैश होते और हवा में ही पायलट को इजेक्ट करते देखा जा सकता है। वीडियो में आसमान से एक पैराशूट नीचे उतरता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ अन्य वीडियो जो स्थानीय मीडिया ने दिखाए हैं, उनमें विमान से बाहर निकलने के बाद पायलट जमीन पर दिखाई दे रहा है। हालांकि, इन वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ईरान के सरकारी समर्थन वाले मीडिया ने इसकी पुष्टि की है, जिसमें तस्नीम न्यूज एजेंसी भी शामिल है। अमेरिका की ओर से अभी तक दुर्घटना के कारण या चालक दल की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि विमान उस समय चल रहे सैन्य संघर्ष से जुड़ी किसी कार्रवाई में शामिल था या नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। अमेरिका और कुवैत दोनों देशों के अधिकारियों के आधिकारिक बयान का इंतजार है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब मध्य पूर्व में तनाव तेजी से बढ़ रहा है। यह संघर्ष अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुआ। कहा गया कि इसका उद्देश्य ईरान की मिसाइल क्षमता और सैन्य ढांचे को कमजोर करना है। बताया जा रहा है कि शुरुआती हमलों में ईरान के शीर्ष नेताओं की मौत हुई, जिनमें सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई भी शामिल थे। इसके बाद तेहरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए। ईरान के जवाबी हमले में कुवैत, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बनाया गया। ईरान ने इन देशों के ऊपर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिन्हें रोका गया। कुछ समय के लिए एयर स्पेस भी बंद करना पड़ा। बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नौसैनिक अभियान शामिल हैं। यह वांशिंगटन और तेहरान के बीच पिछले कई दशकों में सबसे गंभीर और लंबी टकराव की स्थिति मानी जा रही है।
