
मोगा: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पंजाब पहुंचे, जहां उन्होंने मोगा जिले में आयोजित ‘बदलाव रैली’ को संबोधित किया। उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक बार पंजाब में भाजपा को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, अकाली और आम आदमी पार्टी को कई मौके दिए गए और भाजपा को एक मौका दीजिए और वह पंजाब में बदलाव लाएगी। गृह मंत्री ने कहा कि लोग आम आदमी सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन से तंग आ चुके हैं और बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में ओडिशा, असम, मणिपुर, त्रिपुरा और उत्तराखंड की तर्ज पर सरकार बनाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, अब पंजाब की बारी है। आम आदमी पार्टी बदलाव का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन मैं आम आदमी पार्टी के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि आपके मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल को देशभर में जहां भी जाना होता है, वे पंजाब सरकार के खर्चे पर हवाई जहाज से यात्रा करते हैं जबकि यहां के मुख्यमंत्री ने इसके अलावा कुछ नहीं किया है। शाह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 25 लाख नौकरियों, नशामुक्त पंजाब और सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का वादा किया था लेकिन वह सभी वादों पर खरी नहीं उतरी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव में लड़कर सरकार बनाएगी और उन्होंने माताओं, बहनों व बुजुर्गों से पार्टी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा, “अगर कोई पंजाब को नशे से मुक्त कर सकता है और युवाओं को रोजगार प्रदान कर सकता है, तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ही है।”
