
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में जहानाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में भी जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री इस क्रम में गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से जिले के लिए 70 करोड़ रुपए की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन एवं 182 करोड़ रुपए की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जहानाबाद पुराना प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदियों का सिलाई प्रशिक्षण सह उत्पाद केंद्र का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद महिला प्रशिक्षण सह उत्पाद केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्कूली बच्चों के लिए बनाए जा रहे ड्रेस के संबंध में भी जानकारी ली।
सिलाई केंद्र से जुड़ी जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग अच्छे से काम करिए, सरकार हर तरह की सुविधा उपलब्ध करा रही है। आप लोगों को स्व-रोजगार देने हेतु सरकार हर संभव कार्य कर रही है। सीएम नीतीश कुमार इस क्रम में जनसंवाद कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए जहां पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा, वहीं एनडीए सरकार में चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा था और जो कमी रही, उसे पूरा करने के लिए 430 नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई है। सभी जिलों में इन योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। अब तक 21 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, शेष सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा। सीएम ने केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।
