• Wed. Apr 15th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

टीएमसी का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस

Mar 31, 2026

नई दिल्ली: पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस पश्चिम बंगाल 2026 के चुनावों से पहले भाजपा में शामिल हो गए हैं। मंगलवार को दिल्ली मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और सुकांता मजूमदार की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा का दामन थामा। पेस साल 2021 से तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे। पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनावों से पहले लिएंडर पेस का भाजपा में शामिल होना तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा झटका भी माना जा रहा है।

गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान लिएंडर पेस से मिले थे और इस मुलाकात में सौमिक भट्टाचार्य भी शामिल हुए थे। तभी से ऐसी अटकलें लगा जा रही थीं कि पेस जल्द ही भाजपा से जुड़ सकते हैं। पेस को केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने फूलों का एक बुके और भाजपा की सदस्यता वाली पर्ची देकर पार्टी में स्वागत किया। भाजपा में शामिल होने पर लिएंडर पेस ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा दिन बताया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुझे इस देश और युवाओं की सेवा करने का जो मौका दिया है, उसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।