
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के 47वां स्थापना दिवस समारोह पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) और वन नेशन वन इलेक्शन पार्टी का अगला मिशन होगा। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं। इसलिए पार्टी का स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि हम सब कार्यकर्ताओं के लिए एक भावुक अवसर होता है। ये दिन हमें पार्टी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का मौका देता है कि पार्टी ने हमें राष्ट्रसेवा का सौभाग्य दिया। मैं देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा को समर्थन करने वाले देश के सभी नागरिकों को भाजपा स्थापना दिवस की बधाई देता हूं।
यूनिफॉर्म सिविल कोड, वन नेशन वन इलेक्शन, ऐसे सभी विषयों पर आज देश में एक गंभीर चर्चा हो रही है। हमारा लक्ष्य एक विकसित भारत, एक आत्मनिर्भर भारत बनाना है और हम इस लक्ष्य को पाने के लिए बिना किसी स्वार्थ के काम करते रहेंगे। कुछ वर्षों में भाजपा अपने पचास साल पूरे करने जा रही है। यह बहुत बड़ी प्रेरणा है। हमें नए लक्ष्यों पर मंथन भी करना है और बदलती टेक्नोलॉजी के इस दौर में खुद को भी झोंक देना होगा। एक बार फिर मैं अपने करोड़ों कार्यकर्ताओं को भाजपा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देता हूं।
