
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोक भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस बैठक को प्रदेश सरकार की नीतिगत दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 20 से अधिक प्रस्तावों पर विचार किया गया और उन्हें स्वीकृति दी गई। उन्होंने कहा कि भीमराव अंबेडकर सहित भारतीय संविधान के निर्माताओं की प्रतिमाओं के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके तहत उनकी प्रतिमाओं पर छत और चबूतरे बनाए जाएंगे तथा उनका नवीनीकरण किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 14 अप्रैल से की जाएगी।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि शिक्षामित्रों के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। कैबिनेट ने उनके मानदेय को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपए प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। साथ ही अनुदेशकों का मानदेय 9,000 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये कर दिया गया है। इस फैसले से प्रदेश के लगभग दो लाख परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
