
मुंबई: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते के चलते हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार जबरदस्त तेजी के साथ हरे निशान में खुला। इस दौरान निफ्टी50 और सेंसेक्स में 3 प्रतिशत से ज्यादा की उछाल दर्ज की गई।
सेंसेक्स 2674.05 अंक या 3.58 प्रतिशत बढ़कर 77,290.63 पर खुला, तो वहीं निफ्टी 50 ने दिन की शुरुआत 731.50 अंक या 3.2 प्रतिशत उछलकर 23,855.15 पर की।
हालांकि खबर लिखे जाने तक (सुबह 9.32 बजे के करीब) सेंसेक्स 3.56 प्रतिशत यानी 2658.73 अंकों की बढ़त के साथ 77,275.31 पर ट्रेड कर रहा था, जबकि निफ्टी50 3.34 प्रतिशत यानी 772.95 अंकों की तेजी के साथ 23,896.60 पर कारोबार कर रहा था।
गौरतलब है कि बाजार में यह तेजी ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की स्थिति में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के बाद आई है। इससे पहले दोनों कारोबारी सत्रों में बाजार में गिरावट देखी गई।
विश्लेषकों के अनुसार, मौजूदा भू-राजनीतिक चिंताओं और विदेशी पूंजी के लगातार निकासी के बीच अस्थिरता बने रहने की संभावना है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि “यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत होता है, तो मैं ईरान पर बमबारी और हमले को दो सप्ताह के लिए निलंबित करने पर सहमत हूं। यह दोतरफा युद्धविराम होगा।”
