• Fri. Apr 17th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई का निधन, राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया शोक

Apr 8, 2026

नई दिल्ली: वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और मेरठ से तीन बार सांसद रहीं मोहसिना किदवई का बुधवार को निधन हो गया। 93 साल की उम्र में किदवई ने बुधवार सुबह चार बजे अस्‍पताल में आखिरी सांस ली। नोएडा के सेक्‍टर 40 स्थित आवास से मोहसिना किदवई की अंतिम यात्रा दोपहर 3 बजे निकलेगी। मोहसिन किदवई के निधन पर कई राजनेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी शोक जताया है।

राहुल गांधी ने सोशल साइट एक्स पर लिखा है, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद मोहसिना किदवई जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। वे कांग्रेस पार्टी की एक वरिष्ठ और निष्ठावान नेता थीं, जिनका संपूर्ण जीवन जनसेवा का उदाहरण रहा है। अपनी सादगी, सौम्यता और गरिमामय राजनीतिक सफलता से उन्होंने देश की कई पीढ़ियों की महिलाओं को प्रेरित किया। दुख की इस घड़ी में, मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी 1932 को बाराबंकी में हुआ था। किदवई दो बार छत्‍तीसगढ़ से राज्‍यसभा सदस्‍य भी चुनी गईं। वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2004 से 2010 और 2010 से 2016 तक राज्‍यसभा की सदस्‍य रहीं। गांधी परिवार की करीबी रहीं मोहसिना किदवई केंद्र सरकार में मंत्री के अलावा हज कमेटी की अध्‍यक्ष भी रह चुकी हैं। कांग्रेस महासचिव के रूप में भी काम किया था। कांग्रेस कार्यसमिति और कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्‍य भी रहीं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान किदवई ने स्‍वास्‍थ्‍य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे मंत्रालयों में काम किया था।