• Fri. Apr 17th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

बंगाल दौरे से पहले बोले अमित शाह- ‘टीएमसी से त्रस्त बंगाल चाहता है परिवर्तन’, भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ करेंगे जारी

Apr 10, 2026

नई दिल्ली/कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। इस दौरान वे विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘संकल्प पत्र’ जारी करेंगे। अपनी यात्रा से पहले अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से त्रस्त है और इस बार परिवर्तन चाहता है।

गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “टीएमसी से त्रस्त बंगाल अब परिवर्तन चाहता है। शुक्रवार को कोलकाता में टीएमसी के ‘भय राज’ से बंगाल को मुक्त करने के आधार भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ का विमोचन करूंगा।”

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वे शुक्रवार को पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, खड़गपुर में रोड-शो के माध्यम से जनता से जुड़ेंगे। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “प्रदेश के बहनों-भाइयों के बीच रहने के लिए उत्सुक हूं।”

भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ में समाज के विभिन्न वर्गों का ध्यान रखे जाने की उम्मीद है, जिसमें महिलाओं के विकास, किसानों और युवाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पार्टी का लक्ष्य विविध समूहों की जरूरतों को पूरा करना है, और वह विकास के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण का वादा कर रही है। ‘संकल्प-पत्र’ में स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के लिए एक विशेष पैकेज, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की घोषणा की जा सकती है।