
पोर्ट लुइस: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को मॉरीशस में आयोजित 9वें इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस के इतर सेशेल्स के अपने समकक्ष बैरी फॉरे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सेशेल्स की मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से निपटने में भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “9वें इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस के मौके पर सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे से शानदार मुलाकात हुई। भारत, सेशेल्स को उसकी मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से उबरने में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। स्पेशल इकोनॉमिक पैकेज के क्रियान्वयन में उठाए गए कदमों का स्वागत करता हूं।”
विदेश मंत्री जयशंकर इन दिनों मॉरीशस के आधिकारिक दौरे पर हैं, जहां वे 9वें इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के साथ-साथ विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से द्विपक्षीय वार्ता भी कर रहे हैं। इस दौरान वह मॉरीशस के नेतृत्व से भी मुलाकात कर भारत-मॉरीशस संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा कर रहे हैं।
