• Fri. Apr 17th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चल रही दिल्ली सरकार: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Apr 14, 2026

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। इसी मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अंबेडकर मेमोरियल पहुंचकर बाबासाहेब को पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर भारतीय लोकतंत्र के सबसे मजबूत स्तंभ हैं, जिनकी वजह से आज देश में लोकतंत्र की मजबूत नींव खड़ी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बाबासाहेब ने जो संविधान देश को दिया, वह सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। उन्होंने बताया कि भारत का हर नागरिक बाबासाहेब को युगों-युगों तक याद करता रहेगा, क्योंकि उन्होंने समानता, न्याय और अधिकारों की जो नींव रखी, उसी पर आज पूरा देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार बाबासाहेब के बताए रास्ते पर चलकर काम कर रही है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि सरकार लगातार ऐसी नीतियां बना रही है जिससे हर व्यक्ति का जीवन सम्मानपूर्वक और बेहतर बन सके। उनका कहना है कि बाबासाहेब ने हमेशा समानता और सामाजिक न्याय की बात की और उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज वह खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें बाबासाहेब के चरणों में नमन करने का अवसर मिला।