• Fri. Apr 17th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

चंद्रशेखर जयंती पर हरिवंश नारायण सिंह का तीसरी बार जिम्मेदारी संभालना ‘विशेष संयोग’: पीएम मोदी

Apr 17, 2026

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में शुक्रवार को हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार उपसभापति चुने जाने पर बधाई देते हुए उनके अनुभव और कार्यशैली की खुलकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि हरिवंश नारायण सिंह का तीसरी बार इस पद पर चुना जाना इस बात का प्रमाण है कि सदन को उन पर गहरा विश्वास है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बीते वर्षों में नारायण सिंह के अनुभव का सदन को बहुत लाभ मिला है। उन्होंने सभी दलों को साथ लेकर चलने की जो कोशिश की है, आज सदन ने उस पर मुहर लगा दी है। पीएम मोदी ने इसे अनुभव का सम्मान और सहज कार्यशैली की स्वीकृति बताया। उन्होंने कहा कि हरिवंश के नेतृत्व में राज्यसभा की कार्यवाही और भी प्रभावी हुई है।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि हरिवंश सिर्फ सदन का संचालन ही नहीं करते, बल्कि अपने जीवन के अनुभवों का भी बेहतर तरीके से उपयोग करते हुए सदन को समृद्ध बनाते हैं। उनके अनुभव से सदन की कार्यवाही और माहौल दोनों ही अधिक परिपक्व बने हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनका नया कार्यकाल भी उसी संतुलन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेगा और सदन की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने एक खास संयोग का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती भी है। पीएम मोदी ने कहा कि हरिवंश का चंद्रशेखर जी के साथ गहरा जुड़ाव रहा है, और वे उनके सहयात्री भी रहे हैं। ऐसे में उसी दिन उनका तीसरी बार इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालना एक विशेष संयोग है।