
बीजिंग: लेबनान और इजरायल के बीच 10 दिनों का सीजफायर हुआ है। लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने कहा कि अब उनका फोकस स्थायी समझौते पर होना चाहिए। इस बीच चीन ने भी इजरायल और लेबनान के बीच इस सीजफायर का स्वागत किया है।
इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिन के सीजफायर पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “चीन लड़ाई खत्म करने के लिए सभी कोशिशों का स्वागत करता है। उम्मीद है कि पार्टियां सीजफायर और बातचीत की रफ्तार बनाए रखेंगी और राजनीतिक और कूटनीतिक तरीकों से झगड़े सुलझाएंगी, जो जिम्मेदारी का काम है।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, “राष्ट्रपति शी जिनपिंग बहुत खुश हैं कि होर्मुज स्ट्रेट खुल गया है।” अप्रैल में अमेरिका के राष्ट्रपति चीन के दौरे पर जाने वाले थे। हालांकि, ईरान के साथ भीषण तनाव के बीच ट्रंप का चीन दौरा आगे बढ़ा दिया गया, जो अब मई महीने में होगा। वहीं उन्होंने चीन दौरे को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया है। चीन दौरे को लेकर ट्रंप ने कहा कि ‘चीन में हमारी मीटिंग खास होगी और शायद ऐतिहासिक भी। मैं राष्ट्रपति शी के साथ होने का इंतजार कर रहा हूं, बहुत कुछ हासिल होगा!’
मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति का चीनी दौरान अब 14 और 15 मई को होगा। ट्रंप ने पहले ईरान को बातचीत की टेबल तक लाने में चीन की भूमिका को माना है। वहीं, ईरान ने अपने दोस्तों चीन और रूस को उनकी भूमिका के लिए धन्यवाद दिया है।
