• Mon. Apr 20th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

पीएम मोदी के नेतृत्व में आधी आबादी की लड़ाई जारी रहेगी: सीएम सम्राट चौधरी

Apr 20, 2026

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भाजपा के जन आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश की आधी आबादी को भरोसा दिया कि नारी शक्ति के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।

सीएम चौधरी ने कहा कि एनडीए शुरू से ही महिला सशक्तिकरण को लेकर आगे बढ़ रही है और आगे भी वह इसके लिए प्रयास करेगी। लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक (131वां संशोधन) पारित न होने के विरोध में भाजपा की ओर से बिहार की राजधानी पटना में ‘जन आक्रोश महिला मार्च’ निकाला गया। इसके बाद पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी महिला नेत्रियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए आश्वस्त किया कि पीएम मोदी की सरकार आपके लिए कानून बनाएगी और आपको न्याय दिलाने का काम भी सरकार करेगी।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आधी आबादी की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में महिलाओं को बढ़ाने का काम किया गया। स्वयं सहायता समूह के जरिए महिलाओं को सशक्त किया गया। उन्होंने कहा कि यह वही देश है जहां मां दुर्गा, मां सरस्वती, मां काली की पूजा होती है और आज उसी देश में महिलाओं को धोखा देने का काम किया जा रहा है। महिलाओं को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी महिलाओं के साथ असुरक्षा की भावना खड़ा करने की कोशिश करेगा, उसे पाताल से भी खोजने का काम किया जाएगा।