• Thu. Apr 23rd, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

‘सभी चाहते हैं बंगाल में एक अच्छी सरकार चुनकर आए’, वोटिंग के बीच मतदाताओं की राय

Apr 23, 2026

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए गुरुवार को सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इस चरण में उत्तरी बंगाल और राज्य के दक्षिणी हिस्से के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई हैं।

पहले चरण में मालदा में भी मतदान हो रहा है, जहां बड़ी संख्या में मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे हैं। मालदा में एक मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी सुमिता रॉय ने बताया, “मॉक पोल लगभग पूरा हो चुका है। आगे मतदान की प्रक्रिया चल रही है।”

एक महिला मतदाता ने कहा, “बंगाल में सभी चाहते हैं कि एक अच्छी सरकार चुनकर आए। महिलाओं की सुरक्षा बहुत जरूरी है, क्योंकि मैं खुद एक महिला हूं। रोजगार भी एक मुद्दा है। एक डेंटिस्ट होने के नाते, हमारे क्षेत्र में पिछले 10 सालों से कोई भर्ती नहीं हुई है।”

आसनसोल में एक मतदाता ने कहा कि हमें एक अच्छे नेता की जरूरत है जो देश को ठीक से चला सके। अभी मतदान के दौरान कोई परेशानी नहीं हो रही है। वहीं, एक महिला मतदाता ने भी कहा कि घर से अच्छा सोचकर निकले हैं और हमें एक अच्छा नेता चाहिए, जो इस क्षेत्र का विकास कर सके।

दार्जिलिंग में भी मतदान शुरू हो चुका है। देशबंधु जिला पुस्तकालय में बने मतदान केंद्र के बाहर लोग वोट डालने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। इसी तरह, अलीपुरद्वार में मतदाता वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे हैं। अलीपुरद्वार में मतदाता बूथ संख्या 12/176 पर एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन ने भी वोट किया। उन्होंने कहा कि हर किसी को शांतिपूर्वक अपना वोट डालना चाहिए।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए आनंद नगर के मतदाता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संख्या 1 पर भी बड़ी संख्या में मतदाता अपना वोट डालने के लिए कतार में खड़े दिखे। बहरामपुर में भी कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 7 बजे से मतदान जारी है।